भार्गव ने रहली के युरिया वितरण केंद्र के सामने दिया धरना

सागर : कांग्रेस और कालाबाजारी एक सिक्के के दो पहलू है। कांग्रेस जब भी सत्ता में रही उसके कुप्रबंधन के कारण किसानों को परेशान होना पड़ा और कालाबाजारियों की मौज रही। कांग्रेस के राज में किसानों को खेती के लिए खाद, बीज, बिजली और पानी भी मुश्किल से मिलता है। 16 वर्ष पूर्व बंटाढार सरकार में जिस तरह किसान परेशान था। आज वही स्थिति प्रदेश में किसानों की हो चुकी है। किसान के साथ उसके परिवार की महिलाएं और बच्चे तक यूरिया के लिए लाईन में खड़े हैं। यह बात नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सागर रहली में आयोजित खेत धरना को संबोधित करते हुए कही। कमलनाथ सरकार की किसान विरोधी नीतियों और युरिया वितरण के कुप्रबंधन के खिलाफ शनिवार को प्रदेश भर में भाजपा ने खेत धरना आयोजित किया। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने रहली विधानसभा के खमरिया की सेवा सहकारी समिति के समक्ष किसानों के साथ धरना दिया।