भेल और पुराने भोपाल पहुँचे शिवराज

UMESH NIGAM

भोपाल  :      मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोशल डिस्टेंसिंग के तय कायदों का इस्तेमाल करते हुए भोपाल के भेल क्षेत्र और पुराने भोपाल के कुछ स्थानों पर पहुँचे और लॉक डाउन में आम आदमी को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सबसे पहले भेल क्षेत्र में त्रिवेणी वूमेन हॉस्टल पहुँचकर वहाँ रह रही कामकाजी महिलाओं से मिले। महिलाओं ने बताया कि उन्हें आवश्यक सामग्री प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि – आप बिल्कुल चिंतित न हों, जीवन के लिए आवश्यक खान-पान की वस्तुएं और अन्य सामग्री आपको सहज उपलब्ध रहेंगी। आप सभी सोशल डिस्टेंसिंग का अवश्य पालन करें। सामाजिक दूरी रखने से यह समस्या आसानी से हल होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हम निश्चित ही यह जंग जीतेंगे। चौहान से सहज संवाद के बाद कामकाजी महिलाएं काफी आश्वस्त नजर आईं।