BMC के कचरा वाहन से अवैध देशी शराब के साथ तीन सफाईकर्मी गिरफ्तार

UMESH NIGAM

भोपाल   :    कोहेफिजा थाना क्षेत्र से आज सुबह पुलिस ने नगर निगम के एक कचरा वाहन से अवैध देशी शराब बरामद कर तीन आरोपियों(सफाईकर्मी) को गिरफ्तार कर लिया। राजधानी पुलिस की क्राइम ब्रांच अब ये पता करने की कोशिश कर रही है कि कहीं और लोग भी तो कचरा वाहन के सहारे शहर में शराब की सप्लाई तो नहीं कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार लालघाटी क्षेत्र स्थित तोप तिराहे के समीप सुबह नगर निगम के एक कचरा वाहन को रोका गया। तलाशी में वाहन से 81 लीटर (546 पाउच) अवैध कच्ची देशी शराब जब्त की गयी। पुलिस ने इस मामले में नगर निगम के तीन कर्मचारी सोन जटालिया, शंकर और बंटी पटोलिया को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी नगर निगम के स्थाई कर्मचारी हैं, जो शाहजहानाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। यह शराब गोदर मऊ में किसी महिला से लेना आरोपियों ने बताया है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि तीनों आरोपियों ने लॉकडाउन के कुछ दिन बाद शराब की दुकाने बंद होते ही शराब बेचने का काम शुरू किया था। शराब के बदले वे ये लोगों से मुंह मांगा पैसा वसूलते थे। नगर निगम का कचरा वाहन होने के कारण इनकी पुलिस के किसी भी चैकिंग पाइंट पर न तो तलाशी होती थी और कहीं पर इनको रोका भी नहीं जाता था।