मौसम विभाग ने लू का रेड अलर्ट जारी किया

UMESH NIGAM

भोपाल    :     नौतपा के दूसरे दिन सूरज के तेवर और तीखे हो गए। इस सीजन में पहली बार ऐसा अहसास हुआ कि मानों आसमान से आग बरस रही हो। सुबह 9 बजे से ही पूरे प्रदेश में लोग गर्मी से बेहाल होने लगे। जैसे-जैसे दिन चढ़ा प्रचंड गर्मी का अहसास होने लगा। दिनभर चली तेज गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया।मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क होने के कारण राजधानी समेत प्रदेशभर में गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश में भी तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। वहां से आ रही गर्म हवाएं प्रदेश में गर्मी में इजाफा कर रही है। गर्म हवा के थपेडे़ लोगों को बेचैन करते रहे। नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भोपाल में तापमान 44.0 डिग्री रहा हो सोमवार को पारा इस सीजन में अबतक का सर्वाधिक 44.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इंदौर में आज तापमान 41.4, जबलपुर में 44.0 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार की तरह मंगलवार को भी खरगौन, रीवा, नौगांव भट्टी की तरह तपे। यहां तापमान 46.0 डिग्री दर्ज किया गया।