पिछले साल से 40 फीसदी ज्यादा अनाज बेचा किसानों ने

UMESH NIGAM

भोपाल  :     कोविड-19 से संघर्ष के बीच अनाज खरीदी ने तेजी पकड़ ली है। केंद्र सरकार की 15 अप्रैल से मिली ढील के बाद शुरू हुई खरीदी के 7 दिन में ही पिछले साल से 40 फीसदी ज्यादा अनाज किसानों ने बेच दिया। मंडी परिसर के बाहर व्यापारियों को मिली खरीदी की छूट के बाद ऐसी परिस्थितियां बनी हैं। 22 अप्रैल तक दो लाख से ज्यादा किसानों से 7,98,138 मीट्रिक टन फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। यह स्थिति तब बनी है, जब पूर्व के वर्षों की तुलना में इस साल 25 दिन बाद खरीदी प्रारंभ हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मंडी के बाहर 40 हजार से अधिक किसानों ने सौदा-पत्रक के जरिए अपना अनाज बेचा है। कई व्यापारी किसानों के गांव तक पहुंच रहे हैं। हालांकि इस पर पूरी निगरानी रखी जा रही कि किसानों की उपज समर्थन मूल्य से नीचे न बिके।