सीएम आज जॉब कार्ड वितरण महाभियान की करेंगे शुरुआत

UMESH NIGAM

भोपाल    :     मप्र में लौटे मजदूरों को काम देने के लिए शुक्रवार को मनरेगा जॉब कार्ड वितरण महाभियान की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 3 बजे ‘सबको मिलेगा रोजगार’ के तहत इसकी लॉन्चिंग करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम प्रशासनिक समितियों के प्रधानों से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान सभी को यह भी बताएंगे कि गांव में कोरोना को फैलने से कैसे रोका जाए। इसमें ग्राम प्रधानों की भूमिका और मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिेटाइजेशन की बात करेंगे। बताया जा रहा है कि वर्तमान में प्रदेश की 22809 ग्राम पंचायतों में से 22695 में 19 लाख 92 हजार मजदूर कार्य कर रहे हैं। कोरोना संकट के समय एक अप्रैल से लेकर अभी तक 35 लाख 45 हजार 242 मजदूरों को मनरेगा अंतर्गत रोजगार दिया जा चुका है। इसमें भी 42.2 फीसदी महिलाएं हैं। शुक्रवार से इसमें नए मजदूरों को जोड़ा जाएगा, जो दूसरे राज्यों से मप्र लौटे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि सभी जिला मुख्यालय पर मौजूद वीसी सेंटर से 100 जनपद केंद्र जुड़ेंगे, बाकियों को लिंक भेजकर जोड़ा जाएगा।